Ludhiana नशा माफिया पर शिकंजा, अवैध इमारत पर चला बुलडोजर एक्शन
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 06:35 PM (IST)
मुल्लांपुर दाखा (कालिया) : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नशा तस्करों द्वारा अवैध तरीके से बनाई गई इमारत पर पीला पंजा (जेसीबी) चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट ई.ओ. विकास उपल रायकोट और कार्य साधक अधिकारी हैप्पी कुमार ने बताया कि मनोज साहनी और उसकी पत्नी सुनीता, निवासी गुरु नानक महल्ला मंडी मुल्लांपुर को पंजाब म्यूनिसिपल एक्ट 1911 की धारा 220 के तहत 9 अप्रैल को नोटिस जारी किया गया था, जिसमें बिना नक्शा पास करवाए बनाई गई इमारत को गिराने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इन लोगों ने नोटिस का पालन नहीं किया।
इन पति-पत्नी पर नशा बेचने के आरोप भी हैं और दोनों के खिलाफ लगभग 17 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन की मदद से नशा तस्करों के घर को गिरा दिया गया। सुनीता साहनी पर 8 मामले और मनोज साहनी पर 9 मामले विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं। सुनीता साहनी फिलहाल जेल में बंद है, जबकि उसका पति करीब एक सप्ताह पहले ही जेल से बाहर आया है।
उन्होंने कहा कि एसएसपी डॉ. अंकर गुप्ता के निर्देशों पर नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई पहले भी की गई है और आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी नशा तस्कर हैं, वे पंजाब छोड़ दें, वरना किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।

