Ludhiana पुलिस ने महिला नशा तस्कर को दबोचा, आधा किलो गांजा बरामद
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 09:35 AM (IST)
लुधियाना (राज): नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब गश्त के दौरान एक महिला को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी दिखाती है कि अब नशा तस्करी के काले कारोबार में महिलाएं भी पुरुषों से पीछे नहीं रही हैं और बेखौफ होकर मौत का सामान बेच रही हैं।
आरोपी से महिला बरामद हुआ 500 ग्राम गांजा
मिली जानकारी के अनुसार, एस.आई. धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी जांच और गश्त के सिलसिले में चीमा चौक पुल के नीचे हीरा मार्केट के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को वहां एक संदिग्ध महिला दिखाई दी, जो पुलिस की गाड़ी को देखकर घबरा गई और वहां से खिसकने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शक के आधार पर उसे काबू कर लिया।जब महिला की तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने किया केस दर्ज
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अब उससे यह पूछताछ की जा रही है कि वह यह नशा कहां से लेकर आई थी और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जानी थी। लुधियाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुरुष हो या महिला।

