शादी का झांसा देकर 4 साल तक महिला का शारीरिक शोषण, Private Video से ब्लैकमेल कर फिर किया दुष्कर्म
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 10:24 AM (IST)
लुधियाना(राज) : थाना सराभा नगर अंतर्गत शादी का झांसा देकर महिला का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और निजी वीडियो के दम पर ब्लैकमेल कर जबरदस्ती करने का संगीन मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सूर्य एन्क्लेव, बार्नहाड़ा रोड निवासी सुमित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीडि़ता ने पुलिस शिकायत में बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उसका अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद व तनाव चल रहा था। उसी दौरान पीडि़ता की मुलाकात आरोपी सुमित से एक मेडिटेशन कैंप में हुई थी। सुमित मेडिटेशन कैंप लगाने का काम करता है। जान-पहचान बढऩे के साथ आरोपी ने सहानुभूति जताते हुए पीडि़ता से नजदीकी संबंध बना लिए। करीब चार साल पहले पीडि़ता का अपने पति से कानूनी तौर पर तलाक हो गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सुमित पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने पीडि़ता को विश्वास दिलाया कि वह जल्द ही अपनी पत्नी से तलाक ले लेगा और उसके साथ विधिवत विवाह रचाएगा। शादी का पक्का भरोसा देकर आरोपी उसे एक किराये के फ्लैट में ले जाता रहा, जहां उसने पीडि़ता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
इसी दौरान आरोपी ने पीडि़ता की कुछ निजी वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली थीं। पीडि़ता के अनुसार, जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा, जिसके चलते पिछले करीब 1 साल से दोनों के बीच गहरा विवाद चल रहा था। आरोपी के पास पीडि़ता की आपत्तिजनक व निजी वीडियो मौजूद थीं, जिनका हवाला देकर वह लगातार उस पर अनुचित दबाव बनाता रहा और उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त करता रहा। महिला ने पुलिस को दिए बयानों में खुलासा किया कि 29 अक्टूबर को आरोपी सुमित उसके अमन पार्क स्थित घर पर पहुंचा। उसने पीडि़ता से कहा कि वह उसकी तमाम निजी वीडियो डिलीट करने आया है ताकि विवाद सुलझ सके। लेकिन घर के अंदर दाखिल होते ही आरोपी ने अपनी नीयत बदल ली और वीडियो डिलीट करने का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इस घटना के बाद पीडि़ता ने हिम्मत जुटाकर सीधे पुलिस प्रशासन से संपर्क साधा। उधर, जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर दीक्षा ने स्पष्ट किया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के मोबाइल फोन व डिजिटल डेटा को जब्त करने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस पार्टियां छापेमारी कर रही हैं। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।

