3 महीने पहले शादी कर आई दुल्हन ने दिखाया अपना रंग, पिस्तौल व जिंदा कारतूस लेकर...
punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 11:41 AM (IST)
लुधियाना (गौतम) : युवती ने पहले सोशल मीडिया पर युवक से फ्रैंडशिप की और उससे शादी रचाई ली लेकिन शादी के 3 महीने बाद ही दुल्हन बनी युवती घर से कीमती सामान व अपने पति का पिस्तौल व 6 जिंदा कारतूस लेकर फरार हो गई। जांच के बाद थाना दुगरी की पुलिस ने भगत सिंह नगर पख्खोवाल रोड निवासी चितवनपाल सिंह के बयान पर हंबड़ा की रहने वाली भगवंत कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फिलहाल आरोपी महिला पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्त्ता ने बताया कि उसका कार बाजार का कारोबार है। उसने 3 महीने पहले ही भगवंत कौर से शादी की थी। उसने बताया कि उनकी सोशल मीडिया पर फ्रैंडशिप हुई और धीरे-धीरे रिश्ते मजबूत हो गए और उन्होंने शादी रचा ली लेकिन शादी के कुछ समय के बाद ही उनका आपस में विवाद होने लगा, क्योंकि उसे पता चला कि भगवंत कौर ने उससे बहुत कुछ झूठ बोला था।
उसने आरोप लगाया कि उसे पता चला कि उसने पहले भी शादी की हुई थी। अन्य कई बातों की सच्चाई भी उसे पता चल गई उसकी पत्नी प्राइवेट नौकरी करती थी। 1 अक्तूबर को वह अपने किसी दोस्त को लेकर घर आई और उसे बताया कि वह अपना कुछ सामान लेकर जा रही है। जब उसने घर आकर देखा तो घर के अन्य कीमती सामान के साथ साथ उसका पिस्तौल व जिंदा कारतूस भी गायब थे। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

