Vigilance Action : रिश्वत लेता पटवारी और उसका एजेंट रंगे हाथों पकड़ा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 09:33 PM (IST)

लुधियाना (अनिल) : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत लुधियाना जिले के लोहार पटवारखाने में तैनात पटवारी अंकुर कटारिया और उसके एजेंट राजा को 4,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।राज्य विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यू राम नगर, लोहार, जिला लुधियाना की रहने वाली एक महिला की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

शिकायतकर्ता ने बैंक लोन लेने के लिए अपने मकान का 30 साल पुराना मालिकाना रिकॉर्ड हासिल करने के लिए पटवारी अंकुर कटारिया से संपर्क किया था। आरोप है कि पटवारी ने उसे राजा नामक बिचौलिए से संपर्क करने के लिए कहा। एजेंट राजा ने मकान का मालिकाना रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के बदले 5,000 रुपए रिश्वत की मांग की।

एजेंट ने मौके पर ही पहली किस्त के रूप में 1,000 रुपए ले लिए और बाकी 4,000 रुपए रिकॉर्ड सौंपते समय लेने पर सहमति जताई।

रिश्वत देने को तैयार न होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज लुधियाना से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में पटवारी और उसके एजेंट को शिकायतकर्ता से 4,000 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत विजिलेंस ब्यूरो थाना लुधियाना में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News