लुधियाना के पॉश इलाके के मॉल में बड़ी वारदात, पूरा मामला कर देगा दंग
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 04:44 PM (IST)
लुधियाना (राज): सबसे व्यस्त और पॉश माने जाने वाले फाउंटेन चौक स्थित पवेलियन मॉल में सुरक्षा व्यवस्था की उस समय पोल खुल गई, जब एक शातिर स्नैचर चौथी मंजिल से युवक का कीमती आईफोन छीनकर भाग गया। वारदात के बाद मॉल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों के दावों की हवा निकल गई है, क्योंकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर बड़ी आसानी से मॉल से बाहर निकलने में कामयाब भी हो गया।
जानकारी देते हुए सौरव मेहरा ने बताया कि वह सेखेवाल रोड का रहने वाला है। वह पवेलियन मॉल की चौथी मंजिल पर घूम रहा था। तभी एक अज्ञात युवक उनके पास आया और पलक झपकते ही उनका आईफोन झपटकर सीढ़ियों की तरफ भाग निकला। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी की पूरी हरकत मॉल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
वारदात यहीं नहीं रुकी, बल्कि आरोपी ने अपनी शातिर दिमाग का परिचय देते हुए महज आधे घंटे के भीतर ही आईफोन का सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। फोन छीनने के कुछ ही देर बाद उनके फाइनेंशियल ऐप से 20 हजार रुपये किसी प्रदीप नाम के व्यक्ति के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए। सौरव इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर इतनी जल्दी आरोपी ने फोन और बैंक ऐप का पासवर्ड कैसे क्रैक कर लिया। उसका कहना है कि मॉल प्रबंधन ने शुरुआत में उन्हें सीसीटीवी फुटेज देने में आनाकानी की गई, जिसे बाद में उन्होने शिकायत पुलिस को दी। थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची, फिर जाकर पुलिस के हस्तक्षेप के बाद फुटेज सौंपा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की लोकेशन रायकोट तक ट्रेस कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज व बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

