लुधियाना में फैक्ट्री वर्कर ने उठाया खौफनाक कदम, इलाके में सनसनी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 05:14 PM (IST)
लुधियाना (राज): गुर्जर कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक फैक्ट्री वर्कर ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही कमरे में फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। मृतक की पहचान मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरनगर के रहने वाले सुभाष के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक सुभाष अभी दो दिन पहले ही अपने गांव से लुधियाना वापस काम पर लौटा था और किसी को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा।
मृतक के भाई विवेक ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि सुभाष उसके साथ ही रहता था। वारदात वाले दिन विवेक काम पर गया हुआ था, तभी उसे अचानक घर से फोन आया कि सुभाष की तबीयत खराब है और वह तुरंत दवा लेकर घर पहुंचे। जब विवेक बदहवास हालत में घर पहुंचा और कमरे का दरवाजा खोला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई, सुभाष छत से फंदे पर लटक रहा था। अपने भाई को मौत के आगोश में जाते देख विवेक ने तुरंत उसे नीचे उतारा। उस वक्त सुभाष की सांसें चल रही थी, जिसके बाद विवेक उसे अपनी गोद में उठाकर ऑटो के जरिए तुरंत सिविल अस्पताल ले गया ताकि उसकी जान बचाई जा सके। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मेहरबान की पुलिस और जांच अधिकारी अवतार सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे खुदकुशी के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अब परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

