लुधियाना में थानों के बाहर कबाड़ बन रहे वाहनों की समस्या का होगा पक्का समाधान, उठाया गया बड़ा कदम
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 10:36 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर की सड़कों और पुलिस थानों के बाहर बरसों से धूल फांक रहे और कबाड़ बन चुके जब्त वाहनों की समस्या का अब पक्का समाधान हो गया है। लुधियाना नगर निगम ने पुलिस प्रशासन को नूरपुर बेट इलाके में 9680 गज की विशाल भूमि उपलब्ध करवाई है, जहां शहर का सबसे बड़ा पुलिस मालखाना (व्हिकल यार्ड) तैयार किया गया है। इस कदम से न केवल थानों की सूरत बदलेगी, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और साफ-सफाई में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
यह विशाल यार्ड नूरपुर बेट में नगर निगम की करीब 48,400 गज खाली पड़ी जमीन का एक हिस्सा है, जो पहले एनिमल कारकस प्लांट के पास स्थित थी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़कों के किनारे खड़े अवैध कब्जे और जब्त वाहनों के कारण लगने वाले जाम से जनता को निजात दिलाना है। अब शहर के चारों जोनों के अंतर्गत आने वाले सभी 28 थानों के लावारिस और कानूनी प्रक्रिया में फंसे वाहनों को इसी सुरक्षित स्थान पर रखा जाएगा।

जानकारी के अनुसार देते इस नए यार्ड में व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए हर थाने के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं और वहां बाकायदा थानों के नाम के बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं। पिछले कुछ ही दिनों के भीतर विभिन्न थानों से लगभग 1500 वाहन यहां शिफ्ट किए जा चुके हैं और बाकी बचे वाहनों को भी जल्द ही यहां पहुंचा दिया जाएगा। नगर निगम की ओर से इस जगह को पूरी तरह विकसित किया गया है, जिसमें मजबूत गेट, चारों तरफ फेंसिंग और रात के समय निगरानी के लिए हाई-मास्ट लाइटों का पुख्ता प्रबंध किया गया है।
डीसीपी जसकरन सिंह तेजा ने बताया कि यह पूरा यार्ड अब आधुनिक तकनीक से लैस है। वाहनों की सुरक्षा के लिए यहां 16 हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पुलिस कर्मियों की चौबीस घंटे तैनाती सुनिश्चित की गई है। इस कदम के बाद अब थानों के बाहर की सड़कें चौड़ी नजर आएंगी और लंबे समय से खड़ी गाड़ियों के कारण पैदा होने वाली गंदगी और बीमारियों के खतरे से भी मोहल्ला निवासियों को राहत मिलेगी। पुलिस प्रशासन का दावा है कि आने वाले दिनों में शहर की हर सड़क से जब्त वाहनों को हटाकर यहां सुरक्षित पहुंचा दिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

