रिश्तों का कत्ल: लुधियाना में बड़े भाई ने छोटे भाई को दूसरी मंजिल से नीचे फेंका, हालत गंभीर

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 08:57 AM (IST)

लुधियाना(राज): खून के रिश्तों को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहाँ एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को मौत के घाट उतारने की नीयत से उसे घर की दूसरी मंजिल से नीचे गली में फेंक दिया।

इस जानलेवा हमले में पीड़ित गंभीर रूप से जख्मी हुआ है जिसे उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। हालांकि, यह घटना 2 महीना पुरानी है, लेकिन करवाई अब हुई है। इस मामले में अब थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने प्रेम नगर के महिंदर कुमार की शिकायत पर आरोपी बड़े भाई हंसराज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के पास दर्ज करवाई शिकायत में महिंदर ने बताया कि बीती 26 दिसंबर की रात वह अपने घर की पहली मंजिल पर गहरी नींद में सोया हुआ था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई हंसराज अचानक वहां धमक पड़ा और ऊंची-आवाज में गालियां निकालने लगा। सिर पर सवार खून के कारण आरोपी ने घर के सामान की तोड़-फोड़ शुरू कर दी और देखते ही देखते पूरे घर को तहस-नहस कर दिया।

हैरत की बात तो यह रही कि आरोपी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। वह चिल्लाता हुआ छत पर पहुंच गया जहां उसने सो रहे अपने छोटे भाई के साथ पहले जमकर मारपीट की और फिर उसे बेरहमी से दूसरी मंजिल से सीधा नीचे गली में फेंक दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में सनसनी फैल गई और भारी शोर सुनकर लोग इकट्ठा हो गए। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित के बयानों पर कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News