पड़ोसी की दरिंदगी: युवती से छेड़छाड़ कर फाड़े कपड़े, बचाने आए भाई को पीटा और गाड़ियां भी तोड़ी

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 09:17 AM (IST)

लुधियाना (राज): इलाके में एक सिरफिरे पड़ोसी की गुंडागर्दी और छेड़छाड़ का ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। पिछले एक महीने से एक युवती का पीछा कर रहे संजू नाम के युवक ने अपनी हदें पार करते हुए न केवल युवती के साथ सरेआम सड़क पर बदसलूकी की, बल्कि बीच-बचाव करने आए उसके भाई की भी बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घर के बाहर खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया और जान से मारने की धमकियां देते हुए रफूचक्कर हो गए। 

साथियों संग मिलकर पीड़िता को बीच गली में घेरा 
इस मामले में थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने आरोपी संजू, मानी, अंकित, मितपाल, मार्क्स, काला,बहादुर और उनके अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि संजू पिछले कई दिनों से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा था और बार-बार रास्ते रोककर दोस्ती करने का दबाव बनाता था। डर के कारण युवती चुप रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने 5 अप्रैल को युवती की एक्टिवा तोड़ दी। बाद में चालाकी से उसने एक्टिवा ठीक करवा कर वापस तो दी, लेकिन उसकी आर.सी. अपने पास ही रख ली। 6 अप्रैल जब युवती अपना काम खत्म कर घर लौट रही थी। संजू ने अपने साथियों संग मिलकर पीड़िता को बीच गली में घेर लिया। 

पुलिस ने एक आरोपी बहादुर को किया गिरफ्तार 
आरोपियों ने युवती के साथ गाली-गलौज की और उसे जलील करने की नीयत से उसके गुप्त अंगों से छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब पीड़िता का भाई उसे बचाने के लिए आगे आया, तो इन बेखौफ गुंडों ने उस पर भी हमला कर दिया। हंगामा यहीं नहीं रुका, आरोपियों ने आपा खोते हुए युवती के भाई की बोलेरो गाड़ी और बुलेट मोटरसाइकिल की भी जमकर तोड़-फोड़ की। शोर मचने पर जब लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी बहादुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी संजू और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News