Punjab : कत्ल किए गए कांग्रेसी नेता का चौथे दिन अंतिम संस्कार, बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 05:37 PM (IST)
माछीवाड़ा साहिब (टक्कर): माछीवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस के प्रधान परमिंदर तिवाड़ी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी और आज चौथे दिन परिवार द्वारा उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के मौके पर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं, गांवों के लोगों और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
पोस्टमार्टम के बाद जब परमिंदर तिवाड़ी का शव उनके घर पहुंचा तो छोटे-छोटे बच्चों, पत्नी कुसुम तिवाड़ी और अन्य परिवारिक सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस अचानक हुई घटना से जहां परिवार गहरे सदमे में था, वहीं गांव टक्करां में भी शोक की लहर फैल गई।
कांग्रेस पार्टी की ओर से पहुंचे पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली, जिला प्रधान लखवीर सिंह लख्खा पायल, हलका इंचार्ज रूपिंदर सिंह राजा गिल और सांसद अमर सिंह के पुत्र कमल बोपाराय ने पार्टी का झंडा दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कूमकलां पुलिस ने ब्लॉक प्रधान परमिंदर तिवाड़ी के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद ही अंतिम संस्कार किया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब में खराब कानून-व्यवस्था के कारण एक मेहनती और जुझारू कार्यकर्ता को खोना पड़ा।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एडवोकेट जसप्रीत सिंह कलालमाजरा ने कहा कि वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। श्मशान घाट में मृतक के छोटे बेटे दक्ष तिवाड़ी और अभिवंश तिवाड़ी ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।

