नशे के खिलाफ लुधियाना पुलिस का 'महा-ऑपरेशन', 19 तस्कर दबोचे
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 11:58 AM (IST)
लुधियाना (राज): 'नशे के खिलाफ युद्ध' मुहिम के तहत लुधियाना पुलिस ने आज तड़के नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस 'कासो' (CASO) ऑपरेशन ने नशे के सौदागरों की कमर तोड़ कर रख दी है। मंगलवार सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही भारी पुलिस फोर्स ने शहर के चार सबसे संवेदनशील वार्डों- हिम्मत सिंह नगर, डॉ. अंबेडकर नगर, मनोहर नगर और जवाहर नगर को चारों तरफ से सील कर दिया।

ऑपरेशन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) की अगुवाई में एडीसीपी और एसीपी रैंक के 9 गजटेड अधिकारी, 16 थाना प्रभारी (SHOs) और करीब 200 पुलिस मुलाजिम शामिल थे। सुबह ठीक 5 बजे इन इलाकों के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर नाकाबंदी कर दी गई ताकि कोई भी संदिग्ध भाग न सके। इसके बाद सुबह 6 से 10 बजे तक खुफिया सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध घरों और ठिकानों की सघन तलाशी ली गई।
ऑपरेशन के नतीजे
ऑपरेशन के नतीजों की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है, जिसमें 159 ग्राम हेरोइन, 2 किलो गांजा, 72 बोतल शराब, 75 नशीली गोलियां और 1 लाख 37 हजार रुपये की 'ड्रग मनी' बरामद हुई है। इसके अलावा एक एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया गया है। साथ ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त 4 अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त निरोधक कार्रवाई की गई है।
CP की दो टूक चेतावनी
सीपी स्वपन शर्मा ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि लुधियाना में नशे के कारोबार के लिए कोई जगह नहीं है और पुलिस 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने साफ किया कि आने वाले हफ्तों में यह मुहिम और भी तेज की जाएगी ताकि नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके।
जनता से अपील
पुलिस कमिश्नर ने जनता से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि शहर को नशा मुक्त बनाया जा सके। इस बड़ी कार्रवाई के बाद नशा तस्करों के खेमे में हड़कंप मचा हुआ है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here




