लुधियाना : दो बहनों के इकलौते भाई की संदिग्ध हालात में मौत, फैली सनसनी
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 10:55 AM (IST)
लुधियाना (राज): टिब्बा इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक खाली प्लॉट में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई है, जो पहले एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। राजू अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था और घर का सहारा था। लोगों ने जब प्लॉट में बेजान हालत में युवक को पड़ा देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना टिब्बा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
शुरुआती जांच और आसपास के हालातों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है, हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। वहीं, इकलौते भाई की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक उस खाली प्लॉट तक कैसे पहुंचा और उसके साथ उस वक्त कौन-कौन मौजूद था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

