तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी पर जा रहे बाप-बेटी को मारी टक्कर, बेटी की मौके पर मौ/त
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 02:51 PM (IST)
लुधियाना (गौतम): घंटाघर के निकट स्थित माता रानी चौक के पास तेज रफ्तार से जा रहे ट्रक ड्राइवर ने स्कूटी पर जा रहे बाप-बेटी को टक्कर मार दी। बदकिस्तमी से लड़की ट्रक के नीचे आ गई और गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जबकि उसका पिता दूसरी तरफ गिर गया। मौके पर वहां से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक ने बाप-बेटी दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। पता चलते ही थाना कोतवाली के ए.एस.आई. बलराज सिंह की टीम मौके पर पहुंच गई और मौका मुआयना करने के बाद लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा ट्रक को भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने लड़की की पहचान 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा रश्मि और उसके पिता की पहचान मिथलेश के रूप में की गई है। ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। लड़की के पिता मिथलेश ने बताया कि उसकी बेटी होली के उत्सव के चलते उसके पास आई थी, वह पिछले 15 साल से लुधियाना में निजी फैक्टरी में काम करता है। उसकी बेटी को वापस गांव जाना था, क्योकि उसका फाइनल पेपर था। वह उसको ट्रेन में चढ़ाने के लिए रेलवे स्टेशन पर जा रहा था कि रास्ते में ट्रक ड्राइवर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर की तलाश जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

