चोरी के मोटरसाइकिल सहित दो गिरफ्तार, पुलिस ने किया मामला दर्ज
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 02:46 PM (IST)
तलवाड़ा (जोशी): तलवाड़ा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक बाइक सहित दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एस.एच.ओ. सतपाल सिंह ने बताया कि ए.एस.आई. सिकंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए खोखा मार्केट के पास नाकेबंदी की गई थी।
इसी दौरान मुखबिर खास ने सूचना दी कि राज कुमार उर्फ गोपी पुत्र गिरधारी लाल निवासी देपुर और अर्जुन कुमार पुत्र सुभाष चंद निवासी नमोली हार, जो कि चोरियां करने के आदी हैं, आज भी चोरी के एक बिना नंबर वाले मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में 'झीर का खू' इलाके के पास घूम रहे हैं। इस सूचना के आधार पर ए.एस.आई. सिकंदर सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ तुरंत 'झीर दा खूह' अड्डे पर पहुंचकर नाकेबंदी कर दी। चेकिंग के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के मुताबिक दो व्यक्ति बिना नंबर वाली बाइक पर आते दिखाई दिए।
पुलिस पार्टी को देखकर जब उन्होंने पीछे मुड़ने की कोशिश की, तो पुलिस कर्मचारियों ने मुस्तैदी से उन्हें घेरकर काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान बाइक चला रहे युवक ने अपना नाम राज कुमार उर्फ गोपी और पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अर्जुन कुमार बताया। पुलिस के अनुसार, बाइक की पिछली नंबर प्लेट गायब थी और अगली प्लेट पर नंबर मिटाया हुआ था, जिस पर केवल पी.बी.07-ए.यू.-25 ही पढ़ा जा रहा था। पकड़े गए व्यक्ति बाइक की आर.सी. या कोई अन्य वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके और न ही मालिकाना हक के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब दे सके। तलवाड़ा पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर बारीकी से जांच शुरू कर दी है ताकि अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

