नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को लेकर हंगामा, परिजनों ने चक्का जाम कर किया हाई वोल्टेज ड्रामा

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 05:31 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के चंडीगढ़ रोड पर आज उस समय स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई और सरेआम हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गए आरोपी के परिजनों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। गुस्साए परिजनों ने खाकी पर बेहद संगीन और सनसनीखेज आरोप लगाते हुए सीधे-सीधे पुलिस कस्टडी में हत्या करने का दावा ठोक दिया है। परिवार का आरोप था कि पुलिस ने उनके सदस्य को जान से मारकर उसकी लाश को कहीं खुर्द-बुर्द कर दिया है। इस हंगामे के चलते मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैसे ही आरोपी के परिवार ने चंडीगढ़ रोड को पूरी तरह ब्लॉक कर नारेबाजी शुरू की, वैसे ही थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस टीम भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्से से तमतमाए परिजनों ने पुलिस टीम को ही आड़े हाथों ले लिया। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर तीखी बहस और तू-तू, मैं-मैं हुई। परिजनों ने दोटूक लफ्जों में पुलिस को अल्टीमेटम दे दिया कि उन्हें झूठे केस में फंसाया गया है और जब तक उन्हें उनके परिवार के सदस्य से एक बार मिलवाया या दिखाया नहीं जाता, वे सड़क से एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे।

परिजनों का गंभीर आरोप- 'मिलने गए तो भगा दिया, पुलिस ने कर दिया मर्डर' :

प्रदर्शन कर रहे परिवार का आरोप है कि पुलिस ने जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, वह बेकसूर है। जब भी वे उससे मिलने के लिए थाने या संबंधित जगह जा रहे हैं, तो पुलिस उन्हें डरा-धमकाकर भगा देती है और मिलने नहीं दिया जा रहा। इसी बात ने उनके शक को यकीन में बदल दिया कि पुलिस ने कस्टडी के दौरान ही उसकी हत्या कर दी है और अब उसके शव को कहीं और छिपाकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।

अदालत ने भेजा जेल, आरोपी सलाखों के पीछे सुरक्षित: पुलिस :

दूसरी ओर, इस पूरे बवाल और गंभीर आरोपों पर पुलिस प्रशासन ने अपनी स्थिति साफ की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ दिन पहले संजय गांधी कॉलोनी इलाके में एक मासूम 12 वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी और रेप करने का बेहद ही शर्मनाक मामला सामने आया था। इस घिनौनी वारदात के आरोप में पुलिस ने उक्त व्यक्ति को कानून के दायरे में रहकर गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने के बाद उसे माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया था, जहां से अदालत के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने साफ किया कि आरोपी पूरी तरह सुरक्षित है और जेल में बंद है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने के लिए कानूनी प्रक्रिया का हवाला दिया है, लेकिन इलाके में तनावपूर्ण माहौल अभी भी बना हुआ है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News