जालंधर में नशा करने के लिए 5-10 रुपए में बिक रहा सिल्वर पेपर! सवालों के घेरे में दुकानदार...
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 01:02 PM (IST)
जालंधर (कशिश): जालंधर नॉर्थ के कई मोहल्लों में खुलेआम 5 से 10 रुपये में सिल्वर पेपर (एल्यूमिनियम फॉयल) के छोटे-छोटे टुकड़े बेचे जा रहे हैं। खास बात यह है कि इन्हें खरीदने वालों में न तो घर की महिलाएं दिखाई देती हैं और न ही बच्चे, जिन्हें आमतौर पर भोजन पैक करने के लिए इसकी आवश्यकता होती है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इन छोटे टुकड़ों का सबसे अधिक इस्तेमाल नशा करने वाले लोग कर रहे हैं।
शहर में पुलिस द्वारा लगातार नशे के खिलाफ अभियान चलाकर नशा तस्करों और नशा करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसके साथ एक अहम सवाल भी खड़ा होता है कि आखिर नशा करने में इस्तेमाल होने वाला यह सिल्वर पेपर इतनी आसानी से कहां से उपलब्ध हो रहा है। जब नशेड़ियों को पकड़ा जाता है तो क्या यह भी पता लगाया जाता है कि उन्होंने सिल्वर पेपर किस दुकान से खरीदा था और इसे कौन बेच रहा है?
जानकारी के अनुसार, कई दुकानों पर पहले से काटकर रखे गए सिल्वर पेपर के छोटे-छोटे टुकड़े 5 और 10 रुपये में बेचे जा रहे हैं। इन टुकड़ों का उपयोग भोजन पैक करने के बजाय नशा करने वाले लोगों द्वारा अधिक किए जाने की चर्चा है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि दुकानदारों को इस बात की जानकारी नहीं है या फिर जानकारी होने के बावजूद इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
यदि नशे के खिलाफ अभियान को पूरी तरह प्रभावी बनाना है तो केवल नशा बेचने वालों और नशा करने वालों तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन माध्यमों पर भी नजर रखने की जरूरत है जिनका इस्तेमाल नशे के सेवन में किया जा रहा है। आखिर खुलेआम बिक रहे इस सिल्वर पेपर की बिक्री पर किसी प्रकार की निगरानी क्यों नहीं है और इसकी सप्लाई चेन तक जांच क्यों नहीं पहुंच रही? यह सवाल अब चर्चा का विषय बनता जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

