भ्रष्टाचार से जुड़े मामले बढ़ने के बाद विजिलैंस ब्यूरो ने पंजाब पुलिस से मांगे 600 कर्मचारी
punjabkesari.in Sunday, Apr 23, 2023 - 11:57 AM (IST)

जालंधर : पंजाब में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले विजीलैंस ब्यूरो के पास बढ़ने बाद अब ब्यूरो को कर्मचारियों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है जिसके बाद पंजाब विजिलैंस ब्यूरो के मुख्य निदेशक व ए.डी.जी.पी. वीरेंद्र कुमार ने यह मामला पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा डी.जी.पी. गौरव यादव के सामने उठाया है। विजिलैंस ब्यूरो के ए.डी.जी.पी. वीरेंद्र कुमार के अनुसार भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को अंजाम तक पहुंचाने के लिए फिलहाल पंजाब पुलिस से 600 कर्मचारी मांगे गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और डी.जी.पी. गौरव यादव दोनों ने इस मामले में सहयोग देने का भरोसा दिया है।
वीरेंद्र कुमार के अनुसार इस समय सबसे बड़ी मुश्किल स्टाफ की कमी है। पंजाब सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान तेज करने के बाद अनेक मामले विजिलैंस ब्यूरो के पास जांच के लिए आ गए हैं। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल, ए.एस.आई., इंस्पैक्टर, डी.एस.पी. तथा एस.पी. रैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों की मांग पंजाब पुलिस से की गई है। विजिलैंस ब्यूरो को जहां एक तरफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच करनी होती है वहीं बाद में अदालत में समय पर चालान भी पेश करना होता है। उसके बाद समय-समय पर अदालती कार्रवाई में भाग लेना होता है। विजिलैंस ब्यूरो के कुछ अधिकारियों ने बताया कि राज्य में भगवंत मान सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार से
जुड़े मामलों की बाढ़ आ गई है। जनता में जागृति लौटी है और वह भी भ्रष्टाचार की शिकायतें विजिलैंस के पास भेज रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा बनाई गई हैल्पलाइन पर शिकायतें तेजी से आ रही हैं।
राजनेताओं के खिलाफ भी भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की आई बाढ़
विजिलैंस अधिकारियों का मानना है कि पंजाब में सत्ता परिवर्तन होने के बाद राजनेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की बाढ़ आ गई है। पूर्व मंत्रियों व अन्य राजनेताओं के खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति बनाने के मामले भी विजिलैंस ब्यूरो के पास पहुंचे हुए हैं। इसी तरह से कई विधायकों के मामलों में विजिलैंस ब्यूरो ने आय से अधिक सम्पत्ति बनाने के केसों में वैरीफिकेशन का काम शुरू किया है। ऐसी स्थिति में विभिन्न रैंकों के अधिकारियों व कर्मचारियों की जरूरत विजिलैंस ब्यूरो को महसूस हो रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here