वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने काटा 4 हजार रुपये का चालान, पढ़ें पूरा मामला

punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 03:52 PM (IST)

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-17 प्लाजा में गाड़ी दौड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर चालक का 4 हजार रुपये का चालान काटा है। पुलिस ने खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने और साइकिल ट्रैक पर गाड़ी चलाने के दो अलग-अलग चालान किए हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरसिमरन सिंह नाम के एक यूजर ने 14 नवंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया था। उसने बताया था कि प्लाजा में गाड़ी तेज रफ्तार से दौड़ाई जा रही थी और वाहन में तेज आवाज में संगीत भी बज रहा था। सेक्टर-17 प्लाजा में रोजाना बड़ी संख्या में लोग घूमने और खरीदारी करने आते हैं। यहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की आवाजाही रहती है। ऐसे में इस तरह गाड़ी चलाने से किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।

सेक्टर-17 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो देखने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर चालक का चालान कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News