बिखर गया सिद्धू का आवाज-ए-पंजाब, आप में शामिल होंगे बैंस ब्रदर्स
punjabkesari.in Monday, Nov 21, 2016 - 02:07 AM (IST)

लुधियाना: भाजपा से इस्तीफा देने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा बनाया गया आवाज-ए-पंजाब मोर्चा बिखरता नजर आ रहा है। मोर्चे में शामिल लुधियाना के बैंस ब्रदर्स आम आदमी पार्टी के साथ हाथ मिला रहे हैं जबकि परगट सिंह के जल्द कांग्रेस में शामिल होने की खबर है, ऐसे में नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर अकेले रह गए हैं, उनके पास अब कांग्रेस में शामिल होने का ही विकल्प बचा है क्योंकि आम आदमी पार्टी के साथ उनकी बात चीत टूट चुकी है।
बैंस ब्रदर्स की रविवार को पंजाब दौरे पर आए अरविन्द केजरीवाल के साथ मुलाकात हुई है। इस बैठक में दौरान संजय सिंह, गुरप्रीत घुगी, जरनैल सिंह भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि बैंस ब्रदर्स सोमवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। परगट सिंह के भी जल्द कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें हैं। इन तीन सदस्यों के साथ छोडऩे के बाद नवजोत सिद्धू अकेले पड़ते नजर आएंगे।