दीनानगर के वार्ड नंबर-6 में कल फिर होगी वोटिंग, कांग्रेस और AAP में होगा कड़ा मुकाबला
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 11:36 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): नगर काउंसिल चुनाव के तहत दीनानगर के वार्ड नंबर-6 में तकनीकी खराबी के कारण पहले हुई वोटिंग रद्द कर दी गई थी। अब 15 जून को इस वार्ड में दोबारा मतदान कराया जाएगा। पुनर्मतदान को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है और सभी प्रमुख दल अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
इस वार्ड में आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। चुनावी समीकरण उस समय और दिलचस्प हो गए, जब एक निर्दलीय उम्मीदवार ने कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान कर दिया, जबकि शिरोमणि अकाली दल की महिला उम्मीदवार ने आम आदमी पार्टी को अपना समर्थन दे दिया। इसके बाद मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस वार्ड में सबसे बड़ी टक्कर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच है और दोनों ही दलों के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
वर्तमान स्थिति पर नजर डालें तो कांग्रेस अब तक 7 सीटें, आम आदमी पार्टी 6 सीटें और भाजपा 1 सीट जीत चुकी है। वहीं, शिरोमणि अकाली दल अपना खाता भी नहीं खोल पाया है। हालांकि, अब अकाली दल ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा कर दी है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार कांग्रेस के साथ आ गया है। इससे मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है।

