रेलवे पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 आरोपी गिरफ्तार; 9 मोबाइल बरामद
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 05:39 PM (IST)
पठानकोट/ गुरदासपुर (हरजिंदर गोराया) : जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के 9 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पठानकोट कैंट, गुरदासपुर और बटाला रेलवे स्टेशनों पर विशेष नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान की गई। सभी आरोपितों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जीआरपी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखविंद्र सिंह सरां ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए आरपीएफ के सहयोग से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली और चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए।
पठानकोट कैंट में दो आरोपितों से चार मोबाइल बरामद
पहली कार्रवाई पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर की गई। चौकी प्रभारी पलविंद्र सिंह के नेतृत्व में जीआरपी की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कैंट स्टेशन के आउटर रेलवे फाटक की तरफ घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान पुनीत कुमार उर्फ बग्गड़ (23), निवासी भरोली कलां, और साहिल उर्फ दाना (19), निवासी भरोली कलां, से चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित बरामद मोबाइलों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।

गुरदासपुर स्टेशन पर दो और आरोपी काबू
दूसरी कार्रवाई गुरदासपुर रेलवे स्टेशन पर की गई। एएसआई तरणजीत के नेतृत्व में गठित टीम प्लेटफार्म नंबर-1 के दक्षिणी हिस्से में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सुनील कुमार उर्फ शील (24), निवासी भरोली कलां, और शंकर (21), निवासी दौलतपुर, पठानकोट, को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों मोबाइलों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
बटाला में दो आरोपियों से मिले मोबाइल
तीसरी कार्रवाई बटाला रेलवे स्टेशन पर की गई। एएसआई कुलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ओवरब्रिज वाले क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान विशाल उर्फ कालू (27), निवासी भरोली खुर्द, और राधे सैनी (32), निवासी दौलतपुर, को काबू किया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद मोबाइलों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

