Admission दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी, छत्तीसगढ़ से 2 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 12:36 PM (IST)
पठानकोट (हरजिंदर सिंह गोराया): एडमिशन दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने की खबर सामने आई है। पठानकोट पुलिस की साइबर क्राइम ने आरोपियों को रायपुर से काबू करते हुए सफलता हासिल की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने एडमिशन दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 21 लाख रुपये की ठगी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एस.पी. विशालजीत सिंह की ओर से मामले की जानकारी देते हुए बताया गया कि साइबर क्राइम के एसएचओ मोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पहले गुरुग्राम में रहकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। इसके बाद पठानकोट पुलिस को सूचना मिली कि आरोपियों द्वारा एक व्यक्ति को एडमिशन दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
शिकायत और मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की तथा साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ के रायपुर में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 48 मोबाइल फोन, आधार कार्ड, डेबिट कार्ड सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की बरामदगी के बाद पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों द्वारा इससे पहले कितने लोगों को अपना शिकार बनाया गया है तथा इस ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा एडमिशन, नौकरी या अन्य किसी सुविधा का झांसा देकर पैसे मांगे जाने पर पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

