पटियाला वासियों के लिए खतरे की घंटी, मंडराने लगा बड़ा संकट!
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 02:20 PM (IST)
पटियाला (बलजिन्द्र, राणा) : गर्मियों के आने से पहले ही शहर के कई इलाकों में पीने योग्य पानी नहीं पहुंच रहा और पीने के पानी में बैक्टीरियल कंटैमिनेशन पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग को हाल ही में कई इलाकों में गंदे पानी की सप्लाई होने की सूचना मिलने के बाद सैंपलिंग की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अलग-अलग इलाकों से 10 सैंपल लिए गए थे, जिनमें से 3 सैंपल फेल पाए गए हैं। पानी के सैंपल लेने के बाद इन्हें जांच के लिए स्टेट पब्लिक हैल्थ लैबोरेटरी, पंजाब (खरड़) भेजा गया था। आज ही प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, इन 10 सैंपलों में से 3 सैंपल फेल पाए गए हैं।
लैबोरेटरी की रिपोर्ट के मुताबिक इनमें बैक्टीरियल कंटैमिनेशन पाया गया है। इनमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया एम.पी.एन. 15 पाया गया। जिन इलाकों के सैंपल फेल पाए गए हैं, उनमें 2 सिकलीगर बस्ती और एक प्रतिष्ठित इलाके प्रताप नगर का सैंपल शामिल है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ये सैंपल घरों की पानी की टोटी से लिए गए थे। खास बात यह है कि प्रताप नगर से केवल एक ही सैंपल लिया गया था। यदि अन्य घरों से भी सैंपल लिए जाएं तो स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
जिस घर का सैंपल फेल पाया गया, उसके मालिक संजीव कुमार ने बताया कि उनके घर में पीने के पानी में सीवरेज का पानी मिलकर आ रहा था, यानी काला पानी आ रहा था। उन्होंने इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग को दी, जिसके बाद उनके घर से सैंपल लिया गया। उन्हें पहले से ही अंदेशा था कि सैंपल फेल आएगा। विभाग ने पूरे इलाके में केवल एक ही सैंपल लिया है। यदि अन्य स्थानों से भी सैंपल लिए जाएं तो परिणाम और भी गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने नगर निगम से इस संबंध में उचित कदम उठाने की मांग की, ताकि समय रहते स्थिति को संभाला जा सके।
इस तरह के बैक्टीरिया से फैल सकती है बीमारी
फेल सैंपलों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने पानी को पीने योग्य नहीं माना है, जिससे साफ है कि बैक्टीरिया के कारण बीमारियां फैल सकती हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल भी गांव अलीपुर सहित कई जगहों पर सीवरेज का पानी पीने के पानी में मिल जाने से बीमारियां फैली थीं। यदि इस बार भी समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न हो सकती है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग को सभी इलाकों में सैंपलिंग कर जांच करवानी चाहिए।
क्या कहते हैं नगर निगम के जे.ई. कार्तिक गोयल
इस संबंध में जब नगर निगम के जे.ई. कार्तिक गोयल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि संजीव कुमार के घर जाने वाला पानी का कनेक्शन प्राइवेट है। यह कनेक्शन सीवरेज पाइप के साथ सटा हुआ गुजरता है। समय के साथ दोनों पाइप आपस में रगड़ खाने के कारण पतले हो गए, जिसके चलते पानी में मिलावट हो रही है। नगर निगम द्वारा भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं और पानी तथा सीवरेज की पाइपों को अलग किया जाएगा, ताकि पानी में मिलावट न हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि संजीव कुमार अपनी ओर से पाइप अलग करवाते हैं, तो यह काम भी नगर निगम की निगरानी में ही किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

