फिर मंडराया बाढ़ का खतरा! उझ नदी का बढ़ा जलस्तर... लोगों से सावधान रहने की अपील
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 07:56 PM (IST)
बामियाल (हरजिंदर सिंह गोराया): जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश की वजह से आज पाकिस्तान बॉर्डर से सटे बामियाल के पास बहने वाली उझ नदी में करीब 1 लाख 10 हजार क्यूसेक पानी पहुंच गया। पानी का लेवल बढ़ने से नदी का पानी कई जगहों पर किनारों से ऊपर बहकर खेतों की तरफ फैलता दिखा, जिससे बॉर्डर इलाके के लोग और किसान बाढ़ को लेकर परेशान हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले साल जब उझ नदी में करीब 1 लाख 50 हजार क्यूसेक पानी आया था, तो किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ था। उनके मुताबिक, अगर नदी में पानी का लेवल 1 लाख 80 हजार क्यूसेक के करीब पहुंच जाता है, तो पानी बामियाल और आस-पास के इलाकों की तरफ बढ़ जाता है, जिससे बाढ़ का खतरा काफी बढ़ जाता है। बढ़ते पानी के लेवल को देखते हुए पंजाब पुलिस ने उझ नदी पर बने पुल को बंद कर दिया है और लोगों से सावधान रहने और बिना वजह नदी के पास न जाने की अपील की है। इसके बावजूद, नदी का बढ़ता पानी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुल पर जमा हो गए।
खबर लिखे जाने तक मिली जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बारिश का मौसम जारी है, जिससे उझ नदी में पानी का लेवल और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

