मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की संभावना
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 02:55 PM (IST)
चंडीगढ़ (शीना): चंडीगढ़ सहित ट्राईसिटी क्षेत्र में शनिवार से अगले 4 दिनों तक मौसम में बदलाव के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने इलाके के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश, गरज और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं 30 से 40 km प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इस कारण मौसम अचानक बदल सकता है। मौसम विभाग के मुखी सुरिंदर पाल के अनुसार चंडीगढ़ और ट्राईसिटी में 15 मार्च तक आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है जबकि कम से कम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि 14 से 16 मार्च के बीच पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की से मीडियम बारिश और गरज के साथ बारिश पड़ने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव के कारण ये बदलाव देखने को मिल रहा है। इस सिस्टम के कारण उत्तर भारत के कई इलाकों में बादल छाए रहने और बारिश के हालात बन रहे हैं। इससे दिन के तापमान में कुछ कमी आ सकती है और गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। गौरतलब है कि मार्च के पहले हफ्ते में गर्मी में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई थी और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। 12 मार्च को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि अब अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खुली जगहों पर बिजली कड़कने के दौरान सावधान रहने और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के पास न खड़े होने की सलाह दी है।
अगले तीन दिनों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को हल्के बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश भी हो सकती है। इस दौरान तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मंगलवार को भी हल्के बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना रहेगी, जबकि तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा।
पंजाब-हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश की भी संभावना
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 14 से 16 मार्च के बीच पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इससे दिन का तापमान कम हो सकता है और लोगों को मार्च की शुरुआती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

