बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में कपूरथला बंद का व्यापक असर, शहर के अधिकांश बाजार बंद

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 12:12 PM (IST)

कपूरथला (ओबरॉय) : पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेशभर में जारी रोष के बीच इसका असर कपूरथला में भी देखने को मिला। वाल्मीकि संघर्ष मोर्चा सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से दिए गए बंद के आह्वान पर शहर के अधिकांश बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य सार्वजनिक स्थान बंद रहे।

kapurthala bandh

सुबह खुलीं दुकानें, बाद में बंद हुआ पूरा बाजार

सुबह कुछ समय के लिए शहर की कुछ दुकानों ने अपने प्रतिष्ठान खोले, लेकिन बंद के आह्वान के बाद अधिकांश व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। दोपहर तक शहर के प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और सामान्य जनजीवन भी प्रभावित नजर आया।

शांतिपूर्ण ढंग से निकले प्रदर्शनकारी

बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। वाल्मीकि संघर्ष मोर्चा और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों और व्यापारियों से बंद का समर्थन करने की अपील करते रहे। प्रदर्शनकारियों की ओर से कुछ समय बाद शहर के मुख्य चौक में रोष प्रदर्शन किए जाने की भी घोषणा की गई है।

kapurthala bandh

मुख्य चौकों पर पुलिस बल तैनात

बंद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख चौकों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखे हुए है।

प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की

जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांति, संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल पूरे शहर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण बनी हुई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News