फिर Action के मोड में मान सरकार, अब पूर्व भ्रष्ट मंत्रियों पर डालेगी हाथ
punjabkesari.in Thursday, Jun 23, 2022 - 09:55 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट के उप-चुनाव के सम्पन्न होने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर से कमर कसी जा रही है और पूर्व भ्रष्ट मंत्रियों के खिलाफ विजीलैंस की कार्रवाई शुरू हो सकती है।
सरकारी हलकों में कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा अब अगले सप्ताह से भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर अभियान शुरू किया जा सकता है। विजीलैंस ब्यूरो अब तक राज्य में पूर्व मंत्री डा. साधु सिंह धर्मसोत को भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने यह संकेत स्वयं अपने बयानों में बार-बार दिए थे कि 3-4 और पूर्व मंत्रियों के काले चिट्ठे जल्द खुलने वाले हैं। एक पूर्व मंत्री की फाइलें तो विजीलैंस ने पूरी तरह से तैयार कर ली हैं। उसे अभी अदालत से भी राहत नहीं मिली है।
अब भगवंत मान सरकार ने अगले सप्ताह सोमवार से बजट सत्र में भाग लेना है तथा उसकी समाप्ति के साथ भी विजीलैंस की कार्रवाइयां भी तेज हो जाएंगी। विजीलैंस ब्यूरो ने सारा कार्य गुप्त तौर पर किया हुआ है और वह धीरे-धीरे पूर्व मंत्रियों के विरुद्ध शिकंजा कसने के लिए सबूत भी एकत्रित कर रहा है। सबूत मिलते ही गिरफ्तारियां भी शुरू कर दी जाएंगी।पूर्व कांग्रेस सरकार के समय कई विभागों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ था और सरकारी ठेके देने के बदले कमीशन वसूल करने के आरोप भी पूर्व मंत्रियों पर लग रहे हैं। पूर्व मंत्रियों के साथ-साथ उनके निकटस्थ रहे अधिकारी भी चपेट में आ सकते हैं।