“मुझे खुश कर दो, रात मेरे साथ काटो, जो तुम कहोगी वो करवा दूंगा।”, अस्पताल में महिला से छेड़छाड़

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 07:39 PM (IST)

रामपुरा (बठिंडा), (विजय वर्मा) : बठिंडा जिले के रामपुरा सिविल अस्पताल में महिला मरीज की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में भर्ती एक महिला ने आरोप लगाया है कि सोमवार देर रात करीब दो बजे एक अज्ञात व्यक्ति जबरन उसके कमरे में घुस आया और दुर्व्यवहार किया गया।

पीड़िता के अनुसार, उक्त व्यक्ति ने कहा— “मुझे खुश कर दो, रात मेरे साथ काटो, जो तुम कहोगी वो करवा दूंगा।” घटना से भयभीत महिला ने तुरंत अपने रिश्तेदारों को फोन कर बुलाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। 

पुलिस कर्मी के साथ आए व्यक्ति पर गंभीर आरोप

पीड़ित महिला ने बताया कि वह अपने दामाद और समधी द्वारा मारपीट किए जाने के बाद सिविल अस्पताल रामपुरा में भर्ती थी। महिला का कहना है कि सोमवार शाम थाना नथाना के पुलिस कर्मी जसवंत सिंह अपने साथी के साथ उसका बयान दर्ज करने आए थे। महिला ने दावा किया कि रात को उसके कमरे में घुसने वाला व्यक्ति वही था, जो पुलिस कर्मी के साथ आया था। उसने घटना की लिखित शिकायत सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. गुरप्रीत सिंह को दी है और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की है।

पुलिस जांच शुरू, प्रशासन पर दबाव

इस मामले पर डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं एसएमओ डॉ. गुरप्रीत सिंह ने कहा कि उन्हें महिला की शिकायत प्राप्त हुई है और इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News