Bhatinda में दिनदहाड़े लूट, बुजुर्ग महिला से सोने की बाली झपटी, तलवार लहराकर भागे बदमाश
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 09:18 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा) : मुख्यमंत्री के वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करने वाली पुलिस की व्यवस्था पर सोमवार शाम उस समय सवाल खड़े हो गए, जब शहर के सिरकी बाजार स्थित कम्युनिटी वाली गली में तीन मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने की बाली झपट ली और तलवार लहराते हुए फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित गुरदीप कौर ने बताया कि वह शाम करीब साढ़े छह बजे अपनी नातिन के साथ सब्जी खरीदकर घर लौटी थीं। जैसे ही वह घर के बाहर स्कूटी से उतरीं, मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और एक मकान का पता पूछने लगे। बातचीत के बहाने आरोपितों ने उन्हें उलझाया और अचानक एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके कान से सोने की बाली छीन ली।
जब दूसरी बाली छीनने की कोशिश की गई तो गुरदीप कौर की नातिन ने साहस दिखाते हुए विरोध किया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास की एक महिला भी मौके पर पहुंच गई। खुद को घिरता देख तीनों बदमाश मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। भागते समय उन्होंने तलवार लहराकर लोगों में दहशत फैला दी, जिसके चलते कोई उनका पीछा करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वारदात के बाद इलाके में लोगों में भारी रोष है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी, झपटमारी और लूटपाट की घटनाओं के बावजूद पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसने में विफल साबित हो रही है।
इलाके के पार्षद संदीप कुमार बॉबी ने कहा कि शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस का खौफ खत्म होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि महज दो दिन पहले इसी क्षेत्र में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और सत्तारूढ़ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के दौरे के दौरान सुरक्षा के नाम पर आम लोगों की आवाजाही तक सीमित कर दी गई थी, लेकिन अब उसी इलाके में दिनदहाड़े हुई झपटमारी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और शहर में गश्त तथा निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, तलवार देखकर सहम गए लोग
तीनों बदमाशों की करतूत गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपितों की पहचान में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भागते समय बदमाशों ने तलवार लहराकर दहशत फैला दी, जिससे आसपास मौजूद बच्चे और लोग भयभीत हो गए।

