CBI जांच के ऐलान के बाद भी नहीं माने झोटा के पिता, बोले- अंतिम संस्कार नहीं करेंगे
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 06:59 PM (IST)
मानसा: पंजाब के मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से केस की CBI जांच करवाने के ऐलान के बावजूद परिवार संतुष्ट नहीं है। झोटा के पिता भीम सिंह ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वह बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।
दरअसल, मंगलवार को अमित शाह के झोटा के परिवार से मिलने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मामले की जांच CBI को सौंपने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि परिवार की मांग स्वीकार करते हुए यह फैसला लिया गया है। साथ ही उन्होंने नशे के कारोबारियों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने और पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही।
CBI जांच के ऐलान से भी नहीं माने परिजन
परिवार लंबे समय से इस हत्याकांड की CBI जांच की मांग कर रहा था। अब मुख्यमंत्री की ओर से मांग स्वीकार किए जाने के बाद भी परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिवार का कहना है कि उनकी अन्य मांगें भी पूरी होनी चाहिए। इसी को लेकर वह अमित शाह के सामने अपनी बात रखने की तैयारी में हैं।

