झोटा मर्डर केस में बोले अमित शाह- दोषियों को पाताल से ढूंढेंगे, 2 अन्य मामलों को भी CBI को सौंपें
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 07:32 PM (IST)
पंजाब डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में नशे के मुद्दे और कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे का विरोध करने वालों को या तो आत्महत्या करनी पड़ती है या उनकी हत्या कर दी जा रही है। शाह ने कहा कि वह आज दुखी परिवारों को सांत्वना देने आए थे, उनका कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं था। अमित शाह ने कहा कि उनके नाम के साथ गाली-गलौच की गई और अपशब्द कहे गए, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्होंने कहा कि अपशब्द कहने के बजाय नशे के कारोबार को खत्म करने पर ध्यान देना चाहिए।
झोटा हत्याकांड की CBI जांच पर दिया भरोसा
परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच CBI को सौंपे जाने के मुख्यमंत्री भगवंत मान के फैसले का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि वह पंजाब की जनता से वादा करते हैं कि इस मामले में जो भी आरोपी होगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे पाताल से भी ढूंढकर कानून के सामने लाया जाएगा। उन्होंने संगरूर में गुलजार की आत्महत्या और गुरदासपुर में बिक्रमजीत की हत्या के मामलों की जांच भी CBI को सौंपने की मांग की। शाह ने कहा कि इन मामलों में भी दोषियों को कानून के कटघरे तक पहुंचाया जाना चाहिए। अमित शाह ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी ने अपना भाई खोया है तो किसी ने अपना पति। ऐसे में सरकार के पास इन परिवारों के सवालों का क्या जवाब है?

