अगवा करने के बाद युवक की ह/त्या, इलाके में दहशत का माहौल
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 01:59 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): बटाला जिला पुलिस के अधीन गांव बोहड़ा वाला मिर्जा जान के एक परिवार ने 28 साल के बेटे के अगवा होने के बाद हत्या के मामले में इंसाफ की मांग करते हुए गांव वासियों के साथ मिलकर थाना किला लाल सिंह का घेराव किया। मृतक युवक के परिवार और रिश्तेदारों ने पुलिस के खिलाफ जोरदार नारे लगाए और इंसाफ की मांग की।
मृतक दीपक उर्फ दीपू की बहन और भतीजे साजन ने बताया कि दीपू को करीब एक हफ्ते पहले उनके गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते अगवा कर लिया था। अब उसका शव मिला है। परिवार का कहना है कि बॉडी की हालत बहुत खराब है। ऐसा लगता है कि उसे तड़पा-तड़पा कर मारा गया है। उसकी पहचान न हो सके इसलिए उसके चेहरे पर कोई केमिकल भी लगाया गया है। हालांकि परिवार ने कपड़ों से उसकी बॉडी की पहचान कर ली है। परिवार ने कातिलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस बीच थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन को देखते हुए किला लाल सिंह थाने के SHO हरजिंदर सिंह ने कहा कि मृतक दीपक के परिवार वालों के बयानों के आधार पर 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

