GST लागू होने से न राजस्व बढ़ा और न ही महंगाई घटी : मनप्रीत बादल

punjabkesari.in Sunday, Jan 21, 2018 - 02:48 AM (IST)

होशियारपुर(अश्विनी): पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने कहा कि देश में जी.एस.टी. लागू होने के पश्चात किसी को भी लाभ नहीं हुआ। आज यहां विधायक सुंदर शाम अरोड़ा के निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जी.एस.टी. लागू होने से न तो महंगाई कम हुई है और न ही राजस्व बढ़ा है तथा न ही जी.डी.पी. में बढ़ौतरी हुई है। 

वर्ष 2011 में मनमोहन सिंह सरकार के कार्यकाल दौरान तैयार किया गया जी.एस.टी. बिल, जो पास नहीं करवाया जा सका था, वर्तमान बिल से काफी बेहतर था। वर्तमान जी.एस.टी. सिस्टम जल्दबाजी में तैयार करके पास किया गया है। अगर एक घर का निर्माण गलत हो जाए तो उसे बार-बार ठीक करवाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचा गलत हो तो सब कुछ गलत हो जाता है। हालात ‘पेट न पैन रोटियां ते सभ्भे गल्लां खोटियां’ जैसे हो गए हैं। जी.एस.टी. लागू होने के बाद राज्य सरकार नए टैक्स नहीं लगा सकती। 

खर्च ज्यादा आय है कम: उन्होंने कहा कि पंजाब में इस समय खर्च ज्यादा है व आय कम है। इसे ठीक करने के लिए फिस्कल कॉन्सोलीडेशन की जरूरत है। खर्चा कम करने  के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है कि कोई भी सरकारी कार्यालय किसी प्राइवेट परिसर में नहीं होगा। इससे 500 करोड़ रुपए की बचत हुई है। 

केंद्र को सैस लगाने का सुझाव: श्री बादल ने कहा कि उन्होंने केंद्र को सुझाव दिया है कि किसानों की सहायता हेतु देश में .05 प्रतिशत सैस लगाया जाए। इससे किसानों की सहायता के लिए 50,000 करोड़ रुपए की राशि एकत्रित हो सकेगी। राजस्थान,मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र आदि राज्यों की अपेक्षा पंजाब में किसानों के ज्यादा कर्जे माफ किए गए हैं। कर्ज माफी का काम अभी और 2 चरणों में होना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News