अफसरों के घरों में ड्यूटी बजाने वाले गैंगमैन अब रेल ट्रैक पर करेंगे ड्यूटी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 20, 2017 - 12:27 PM (IST)

जालंधर (गुलशन): रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी लोहानी के आदेशों के बाद रेलवे अधिकारियों के घर ड्यूटी पर जाने वाले गैंगमैन अब रेल ट्रैक पर लौटने शुरू हो गए हैं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक कागजों में रेल कर्मी अपने मूल स्थान पर ही काम करते बताए जाते थे लेकिन वह काम बड़े अफसरों के घरों में कर रहे थे। 

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय में हुए बड़े रेल हादसों के बाद रेल ट्रैकों की मेंटेनैंस और सुरक्षा पर सवाल उठने शुरू हो गए थे। इन हादसों के बाद रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ए.के. मित्तल को भी इस्तीफा देना पड़ था। इसके अलावा सुरेश प्रभु के स्थान पर पीयूष गोयल को रेल मंत्री नियुक्त कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक सी.आर.बी. अश्विनी लोहानी ने जब पदभार संभाला तो उन्हें जानकारी मिली कि रेलवे के ग्रुप डी कर्मी रेल ट्रैक पर ड्यूटी करने की बजाय अफसरों के घरों में ड्यूटी कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत आदेश जारी करते हुए ऐसे सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर लौटने के आदेश जारी किए।

जानकारी के मुताबिक रेलवे की हर डिवीजन में सैंकड़ों कर्मचारी रेलवे के उच्चाधिकारियों के घरों में तैनात हैं। सी.आर.बी. के आदेशों के बाद अब कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर लौटने शुरू हो गए हैं लेकिन अभी भी काफी रेलकर्मी ऐसे हैं जिन पर अधिकारियों की पूरी छत्रछाया है। जिक्र योग्य है कि रेल ट्रैक की निगरानी के लिए गैंगमैन और ट्रैकमैन भर्ती किए गए थे जिनका काम ट्रैक की पैट्रोलिंग और मेंटेनैंस करना होता है। इन लोगों की सतर्कता से हादसों की गुंजाइश काफी कम हो जाती है लेकिन यह कर्मचारी अपना काम छोड़कर अधिकारियों की सेवा में लगे हुए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News