दहेज के लिए 3 विवाहिताओं को घर से निकाला

punjabkesari.in Thursday, Jun 07, 2018 - 12:26 PM (IST)

अमृतसर (संजीव) : दहेज के लिए विवाहिताओं को धक्के देकर घर से निकालने के 3 अलग-अलग मामलों में थाना वूमैन सैल की पुलिस ने पतियों सहित 5 ससुरालियों के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना के केस दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस ने लखविन्द्र कौर की शिकायत पर उसके पति राजदीप सिंह हैपी निवासी गुरु रामदास कालोनी फतेहगढ़ चूडियां के विरुद्ध दहेज प्रताडना का केस दर्ज किया है।
 

लखविन्द्र कौर का कहना है कि उसका विवाह 12 वर्ष पहले जुलाई 2006 में उक्त आरोपी के साथ सभी रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। विवाह में उसके परिवार वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था। बावजूद इसके उसका पति उसे और दहेज की मांग को लेकर परेशान करने लगा। जब उसने उनकी मांगों को पूरा न किया तो आरोपी ने उसे धक्के देकर घर से निकाल दिया।

 

इसी प्रकार हरप्रीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फरवरी 2012 में उसका विवाह अमरीक सिंह निवासी हेतराम कालोनी न्यू नारायणगढ़ छहर्टा के साथ सभी रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ। विवाह के बाद उसका पति और दहेज लाने की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगा। जब उसने उसकी मांगें पूरी न की तो उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे धक्के देकर घर से निकाल दिया।

वहीं आशमा चोपड़ा की शिकायत पर थाना वूमैन सैल की पुलिस ने उसके पति राजीव चोपड़ा, ससुरा राजिन्द्र चोपड़ा व सास रशमा चोपड़ा निवासी मैडीकल इंकलेव के विरुद्ध दहेज प्रताडना का केस दर्ज किया है। आशमा चोपड़ा ने बताया कि अप्रैल 2015 में उसका विवाह उक्त आरोपी राजीव के साथ सभी रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ। विवाह में उसके परिवार ने दहेज भी दिया था मगर आरोपी उसे और दहेज लाने के लिए उसे परेशान करने लगे। जब उसने उनकी मांगें मानने से इंकार किया तो आरोपियों ने उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News