राजनीति जगत को तगड़ा झटका ; हरियाणा के पूर्व डिप्टी स्पीकर का निधन...चौटाला परिवार के रहे हैं करीबी
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 09:00 PM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत का निधन हो गया है। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। वे गुरुग्राम में रहते थे। वे लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे थे और अपने सरल स्वभाव व जनसेवा के लिए जाने जाते थे।
गोपीचंद गहलोत ने हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा वे अपने क्षेत्र में विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को लेकर हमेशा सक्रिय रहे।
उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए इसे प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

वर्ष 2000 में चुनाव जीतकर गोपीचंद गहलोत चौटाला सरकार में डिप्टी स्पीकर भी बने। इनेलो ने 47 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। कांग्रेस के 21 और भाजपा के छह विधायकों ने जीत हासिल की थी। 11 निर्दलीय जीते थे। डिप्टी स्पीकर बनने के बाद वह चौटाला परिवार के करीब आए थे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

