शहर में लगे गंदगी के अंबार स्वच्छ भारत अभियान को लगा रहे हैं ग्रहण

punjabkesari.in Friday, Dec 14, 2018 - 02:09 PM (IST)

होशियारपुर(अश्विनी): होशियारपुर के विभिन्न स्थानों पर लगे गंदगी के अंबार स्वच्छ भारत अभियान को मुंह चिढ़ाते व ग्रहण लगाते नजर आ रहे हैं। लोगों द्वारा बार-बार ध्यान दिलाए जाने के बावजूद नगर निगम लोगों को राहत दिलाने में बुरी तरह असफल सिद्ध हो रहा है। लोग यह प्रश्न कर रहे हैं कि गंदगी के अंबारों के चलते स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर की रैंकिंग कैसे सुधरेगी?

शहर के जालंधर रोड क्षेत्र में सिविल अस्पताल की चारदीवारी के साथ फैली गंदगी में अक्सर लावारिस पशु अपनी खुराक तलाशते नजर आते हैं। मोहल्ला कच्चे क्वार्टर, जालंधर रोड व श्रीचंद मार्कीट के दुकानदारों द्वारा इस संबंध में कई बार ध्यान दिलाए जाने के बावजूद नगर निगम इसका कोई स्थायी समाधान नहीं कर सका।इसी तरह मॉडल टाऊन में रोशन ग्राऊंड के निकट स्थापित किया गया डम्प लोगों के लिए खासी सिरदर्दी पैदा कर रहा है।

इस क्षेत्र से गुजरने वाले हजारों लोगों को अपने नाक, मुंह ढांप कर ही इस स्थान से गुजरना पड़ता है। विभिन्न संगठनों जिनमें अम्बेदकर टाइगर फोर्स भी शामिल है, की तरफ से इस डम्प को अन्य स्थान पर तबदील करने के लिए प्रदर्शन भी किए गए लेकिन परनाला वहीं का वहीं बना हुआ है।होशियारपुर के फगवाड़ा रोड पर रेलवे फाटक के निकट फैली गंदगी व जिला प्रशासनिक काम्पलैक्स के निकट डी.ए.वी. कालेज के सामने नगर निगम के डम्प के सामने फैली गंदगी भी लोगों के लिए खासी परेशानी पैदा कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News