रंजिश के चलते दोस्त की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Mar 23, 2019 - 11:46 AM (IST)

लुधियाना(महेश): 23 वर्षीय एक युवक की रंजिश के चलते सिर पर ईंट-पत्थरों से प्रहार करके निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दुगरी एल.आई.जी. फ्लैट के रवि कुमार के रूप में हुई है, जोकि सफाई कर्मी अशोक कुमार का पुत्र था। सदर पुलिस ने अशोक की तहरीर पर हत्या का मुकद्दमा दर्ज करके इसी इलाके के रहने वाले मृतक के दोस्त सत्यम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। 

घटना 14 मार्च रात की है, जबकि पुलिस को 19 मार्च को इसकी सूचना मिली। घटना वाली रात को रवि अपने 2 दोस्तों छोटी जवद्दी के गुरू ज्ञान विहार के रणजीत सिंह व एल.आई.जी. फ्लैट के रहने वाले सत्यम कुमार के साथ गांव दुल्लों कलां में अपने एक अन्य दोस्त पिंकू उर्फ फौजी की बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए उसके घर गए थे। अशोक ने बताया कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच तीनों एक ही बाइक पर वापस लौट रहे थे। बाइक सत्यम चला रहा था।

आरोप है कि सत्यम ने जानबूझ कर बाइक सड़क पर गिरा दी। इस बात को लेकर जब रवि ने एतराज जताया तो आरोपी उसके बेटे को ईंट-पत्थर मारता रहा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। इसके बाद रणजीत ने पिंकू को मौके पर बुलाया जिन्होंने जख्मी हालत में उसके बेटे को अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद उसे अन्य अस्पताल में रैफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News