मजदूरों को यू.पी. बिहार से वापस बुलाने के लिए स्पैशल ट्रेनें चलाए केन्द्र सरकार : सुंदर शाम अरोड़ा

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2020 - 03:19 PM (IST)

लुधियाना(गुप्ता): कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने यहां पत्रकारों से बातचीत में भाजपा व अकाली दल पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में दोनों ही पार्टियां मुद्दाविहीन हैं और मजदूरों के पलायन के मुद्दे को लेकर पंजाब सरकार पर गैर-जिम्मेदाराना आरोप लगा रही हैं। 

उन्होंने कहा कि जो 50 प्रतिशत मजदूर यू.पी.-बिहार को लौटे थे, पंजाब में काम-धंधे शुरू होने की वजह से वापस आने की इच्छा जता रहे हैं। उन्हें वापस लाने के लिए पंजाब सरकार ने केन्द्र से स्पैशल ट्रेनें चलाने मांग की है। पंजाब के उद्योग-धंधे चलाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार ने लघु एवं मध्यम उद्योगों को सबसे पहले खोला जिससे मजदूरों को कामकाज मिला और उन्होंने पलायन करने का विचार ही छोड़ दिया। मौजूदा पंजाब सरकार की नई उद्योग पालिसी देश की बेहतरीन पालिसी है। एम.एस.एम.ई. के लिए फिक्स चाॢजस को सरकार ने 2 माह के लिए खत्म किया है व मध्यम वर्ग के लोगों को सुविधा देने के उद्देश्य से भी काफी कुछ सोच रही है। उन्होंने केन्द्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि मुश्किल समय में उसने मजदूरों के कल्याण के लिए ई.एस.आई. से कुछ नहीं लिया जबकि कैप्टन सरकार ने मजदूरों के खाते में 6 हजार रुपए डाले हैं। 

इससे पहले नगर के गण्यमान्य लोगों द्वारा लार्ज इंडस्ट्रीयल डिवैल्पमैंट बोर्ड के सीनियर वाइस चेयरमैन रमेश जोशी के निवास स्थान पर कैबिनेट मंत्री अरोड़ा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर सुरिन्द्र शर्मा, नीरज जोशी, संजय शर्मा, जी.एस. भाटिया, रजत सूद, गगनपाल शर्मा, राजिन्द्र सोई व प्रो. जोशी आदि ने कैबिनेट मंत्री शाम सुंदर अरोड़ा का पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News