मामूली विवाद के कारण स्कूल के 2 पक्षों के विद्यार्थी भिड़े, 4 घायल

punjabkesari.in Sunday, Feb 17, 2019 - 02:38 PM (IST)

मोगा(आजाद): मोगा के नजदीकी गांव सलीना के सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में पढ़ते विद्यार्थियों के 2 गुटों के बीच मामूली विवाद को लेकर हुए झगड़े में मारपीट करने के अलावा ईंट-पत्थर मारे जाने का मामला सामने आया है। झगड़े में लखवीर सिंह, मनप्रीत सिंह दोनों 11वीं के विद्यार्थी गांव सलीना के निवासी हैं, लवप्रीत सिंह विद्यार्थी गांव अटारी तथा गगनदीप सिंह 10वीं कक्षा निवासी गांव अटारी घायल हो गए, जिनको सिविल अस्पताल मोगा दाखिल करवाया गया।

क्या है मामला
इस संबंध में सिविल अस्पताल मोगा में जानकारी देते घायल विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर होने के कारण 2 बजे स्कूल में छुट्टी हो गई थी।इस दौरान स्कूल के कुछ विद्यार्थियों जिनके साथ बाहरी लड़के भी थे तथा वे हथियारों से लैस थे, ने मनप्रीत सिंह को बाहर बुलाया तथा उसके साथ झगड़ा करने लगे। इस उपरांत उस पर हमला करके उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जब उसके साथी मनप्रीत को छुड़ाने के लिए बाहर आए तो हमलावरों ने उनको भी पकड़कर बुरी तरह मारपीट की। शोर होने पर लोग एकत्रित हो गए तथा हमलावर ईंट-पत्थर चलाते हुए वहां से फरार हो गए। 

घायल मनप्रीत सिंह के पिता पूर्व मैंबर पंचायत सुखदेव सिंह ने कहा कि झगड़े का पता लगने पर वह तुरंत वहां पहुंचे तथा सारे घायल विद्यार्थियों को सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल के कुछ विद्यार्थी हमारे बच्चों के साथ बिना कारण रंजिश रखते हैं।उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक मोगा से गुहार लगाई कि हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अस्पताल प्रशासन द्वारा थाना सदर पुलिस को लिखकर भेज दिया गया है। जब इस संबंध में थाना सदर के प्रभारी इंस्पैक्टर जे.जे. अटवाल से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में हमें कोई सूचना नहीं मिली, फिर भी हम मामले को गंभीरता से लेकर इसकी जांच कर रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News