Sukhbir Badal की हत्या करने की फिराक में था आरोपी, पुलिस पूछताछ में हुए खुलासे
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 11:16 AM (IST)
पंजाब डेस्क : शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख एवं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर वीरवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में कृपाण से हमले हो गया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर को उसी समय मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। इस दौरान कई चौंका देने वाले खुलासे भी हुए हैं।
नांदेड़ पुलिस के अधिकारी से जानकारी के अनुसार एक निहंग ने गुरुद्वारे के अंदर सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला किया। उन्होंने कहा कि हमलावर को उसी समय मौके पर काबू कर हिरासत में ले लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, हमलावर कथित तौर पर सुखबीर बादल की छाती पर हमला कर उनकी हत्या करना चाहता था लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते दखल दिया और हमलावर को और गंभीर चोट पहुंचाने से रोक दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि इस हमले में सुखबीर बादल की बाजू पर चोट आई थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके दाहिने हाथ में 2-3 टांके लगाए गए। वहीं उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना के बाद रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में सुखबीर बादल अपने दाहिने हाथ पर कपड़ा लपेटे हुए जाते भी दिखाई दिए।
गुरुद्वारे में सेवादार का काम करता था आरोपी
पुलिस ने जानकारी देते बताया कि महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के पास एक गुरुद्वारे में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर कथित रूप से हमला करने वाला शख्स पिछले 2 वर्षों से वहां सेवादार के रूप में काम कर रहा था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी जसपाल सिंह की उम्र 60 से 62 वर्ष के बीच है और वह गुरुद्वारा ‘माता साहिब देवान जी मुगत’ में सेवादार या स्वयंसेवक के रूप में काम कर रहा था।
नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक नीलाभ रोहन ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उसने पंजाब में नशे की समस्या का जिक्र किया, लेकिन सुखबीर बादल पर हमला करने के उसके वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता भी पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रहा है। जसपाल सिंह के पास कॉमर्स और कानून की डिग्रियां हैं और वह अपने परिवार के साथ पुणे में रहता है। हालांकि वह नांदेड़ में अकेला रह रहा था।
पुलिस अधिकारी भी घायल
जानकारी के अनुसार इस हमले में स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट में तैनात पुलिस अधिकारी संतोष केंद्रे भी सुखबीर बादल को बचाने के प्रयास में घायल हो गए। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल पर दोपहर लगभग 1 बजकर 45 मिनट पर गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत के अंदर हमला किया गया। इससे पहले सुखबीर बादल अकाली दल की सांसद एवं अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ तख्त श्री हजूर साहिब गए थे।
2024 में भी हुआ था हमला
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब सुखबीर बादल किसी हमले में बाल-बाल बचे हैं। दिसम्बर 2024 में बब्बर खालसा इंटरनैशनल के एक पूर्व आतंकवादी ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर उन पर गोली चला दी थी। आरोपी की पहचान नारायण सिंह चौरा के रूप में हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया था। उस समय सुखबीर बादल ‘तनखाइया’ (धार्मिक सजा) घोषित किए जाने के बाद सेवा कर रहे थे।
PM Modi ने जाना सुखबीर बादल का हाल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमले में घायल सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल की। सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने फोन पर सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और लोकसभा सदस्य हरसिमरत कौर बादल से बात की और उनसे शिअद प्रमुख के स्वास्थ्य का हाल जाना।
CM फडणवीस ने दिया जांच का आदेश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जांच का आदेश दिया। सूत्रों के अनुसार, फडणवीस ने बादल को फोन किया और उनसे उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। अधिकारियों के अनुसार, गृह विभाग का भी कामकाज संभाल रहे फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से इस घटना के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने पुलिस को इस हमले के पीछे की मंशा का पता लगाने का निर्देश दिया।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने भी पुलिस अधीक्षक से की बात
इस हमले की निंदा करते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्होंने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से बात की है तथा जांच के सिलसिले में कड़े दिशानिर्देश जारी किये। शिंदे ने कहा कि इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के ख़िलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फ़ोन पर बात की तथा उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

