कनाडा भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, ट्रैवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 06:02 PM (IST)
नवांशहर (त्रिपाठी): स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने का झांसा देकर 5 लाख रुपए की ठगी करने वाले एजेंट के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। ए.डी.जी.पी. तथा एन.आर.आई. विंग मोहाली को दी शिकायत में जतिंदर सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी गांव नैणवां, जिला होशियारपुर ने बताया कि वह जिला शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) के काठगढ़ में एक किरयाना दुकान पर नौकरी करता है। उसने बताया कि वह विदेश जाने का इच्छुक था, जिसके चलते उसकी जान-पहचान वाले एक व्यक्ति ने ट्रैवल एजेंसी का काम करने वाले ट्रैवल एजेंट हैप्पी निवासी करतारपुर, थाना नूरपुर बेदी, जिला रूपनगर का नंबर दिया। संपर्क करने पर उक्त एजेंट ने उसे थाना नूरपुर बेदी के गांव काहनपुर खूही में बातचीत के लिए बुलाया। शिकायतकर्ता के अनुसार एजेंट ने उसे स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने का झांसा दिया और 20 लाख रुपए में सौदा तय किया। इसके तहत 5 लाख रुपए एडवांस देने थे, जबकि बाकी राशि बाद में देनी थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि करार के मुताबिक उसने एजेंट को 5 लाख रुपए दे दिए, लेकिन आरोपी ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही पैसे वापस किए। उसने यह भी आरोप लगाया कि एजेंट ने उसे इंग्लैंड भेजने का झांसा भी दिया, लेकिन उसमें भी कोई सफलता नहीं मिली। उसने बताया कि पुलिस में शिकायत देने के बाद आरोपी ने एक महीने के भीतर पैसे लौटाने का वादा किया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं किया। अब आरोपी ने उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसे जानकारी मिली है कि उक्त एजेंट ने विदेश भेजने के नाम पर कई अन्य लोगों से भी ठगी की है।
ए.डी.जी.पी. को दी शिकायत में उसने अपनी रकम वापस दिलाने और आरोपी एजेंट के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उक्त शिकायत की जांच थाना एन.आर.आई. दफ्तर नवांशहर के प्रभारी द्वारा किए जाने के बाद मिली रिपोर्ट के आधार पर एन.आर.आई. थाना पुलिस ने आरोपी एजेंट राजकुमार उर्फ हैप्पी निवासी गांव करतारपुर, थाना नूरपुर बेदी, जिला रूपनगर के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 316(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

