जालंधर के रैणक बाजार स्थित स्कूल गेट से गायब 12 वर्षीय बच्ची, दहशत में परिवार, इलाके में हड़कंप

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 03:54 PM (IST)

जालंधर (सोनू) : जालंधर के मेन रैणक बाजार इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब घर से स्कूल के लिए निकली एक 12 वर्षीय बच्ची रहस्यमय हालात में लापता हो गई। बच्ची की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है, जो कक्षा पांचवीं की छात्रा है।

परिजनों के अनुसार, अली मोहल्ले से चार बच्चे एक साथ स्कूल के लिए निकले थे। इनमें से तीन बच्चे तो स्कूल पहुंच गए, लेकिन सोनी कुमारी स्कूल नहीं पहुंची। जब परिवार ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया तो पता चला कि बच्ची स्कूल परिसर के अंदर गई ही नहीं।

बच्ची की मां पूजा देवी ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई राजकुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची स्कूल के गेट तक तो पहुंची, लेकिन वहां से ही वापस मुड़ गई। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिजनों व स्कूल प्रशासन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही बच्ची का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। परिवार ने प्रशासन से बच्ची को जल्द से जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News