इंगलैंड से आए 77 लोगों में 13 के पासपोर्ट पर पता गलत, विभाग ने ट्रेस कर निगरानी की शुरू
punjabkesari.in Sunday, Dec 27, 2020 - 10:00 AM (IST)

अमृतसर (दलजीत): इंगलैंड में कोरोना की स्ट्रेन बदलने के बाद अमृतसर का स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। विभाग द्वारा 1 माह के कार्यकाल दौरान इंगलैंड से आए 77 में से 64 लोगों को ट्रेस कर उनके आर.टी.पी.सी.आर. सैंपल लिए हैं। वहीं 13 लोगों के पासपोर्ट पर पता गलत है। पंजाब सरकार द्वारा इमिग्रेशन विभाग की मदद से इनके पंजाब में रहने का पता लगाया जा रहा है।
एक माह के अंतराल में सात फ्लाइटों के जरिए अमृतसर एयरपोर्ट पर आए 1604 यात्रियों को पहले तो एयरपोर्ट से सीधे घर भेज दिया गया था और अब इन्हें ट्रेस कर निगरानी शुरू की गई है। इमिग्रेशन विभाग दिल्ली से इन सभी यात्रियों की सूची मंगवाई गई थी।
77 यात्रियों को होटल क्वारंटाइन कर सकता है प्रशासन
बीते सोमवार लंदन से अमृतसर पहुंची फ्लाइट में सवार 242 यात्रियों में से आठ पॉजिटिव रिपोर्ट हुए थे। इनमें अमृतसर से संबंधित एक व्यक्ति भी शामिल है। सभी को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। दूसरी तरफ अमृतसर से संबंधित कुल 77 यात्रियों को विभाग व जिला प्रशासन होटल क्वारंटाइन करने पर भी विचार कर रहा है। हालांकि अभी इनका आर.टी.पी.सी.आर सैंपल लिया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संभवत: इन सभी 77 को होटल क्वारंटाइन कर दिया जाए।
लंदन से नैगेटिव रिपोर्ट लाए थे यात्री
ये यात्री लंदन से कोविड की नैगेटिव रिपोर्ट लेकर अमृतसर पहुंचे थे। उस वक्त तो भारत सरकार ने इन्हें होम आइसोलेट कर दिया, पर वायरस की स्ट्रेन बदलने व बीस से अधिक यात्रियों के पाजिटिव आने के बाद भारत सरकार ने सभी का आर.टी.पी.सी.आर टैस्ट करवाने का फैसला लिया है। सिविल सर्जन डा. रविंद्र सिंह सेठी ने बताया कि अमृतसर से संबंधित 64 यात्रियों की सेहत विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। लोगों को उनका सहयोग करना चाहिए, ताकि पंजाब कोरोना को शिकस्त देकर आगे बढ़ सके।