Amritsar में 15 दिनों में ट्रैवल एजैंटों की ठगी के 15 मामले, एक पिता ने की आत्मह+त्या, पढ़ें पूरी Report

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 02:23 PM (IST)

अमृतसर (नीरज) : युवाओं को फर्जी ट्रैवल एजैंटों से बचाने के लिए सरकार की तरफ से वर्ष 2012 के दौरान द पंजाब प्रिवैंशन ऑफ हयूमन स्मगलिंग एक्ट बनाया गया जिसको संशोधित करके 2013 व 2014 में पंजाब ट्रैवल प्रोफैशनल रैगुलेशन एक्ट का नाम दिया गया। प्रशासन की तरफ से बाकायदा रजिस्टर्ड ट्रैवल एजैंटों की वैबसाइट भी बनाई गई लेकिन इसके बावजूद महानगर में फर्जी ट्रैवल एजैंटों का फर्जीवाड़ा चल रहा है। आलम यह है कि जिले में पिछले 15 दिनों के दौरान ट्रैवल एजैंटों की ठगी के 15 मामले सामने आ चुके हैं जिसमें विभिन्न पुलिस थानों की तरफ से एफ.आई.आर. दर्ज की जा चुकी है जबकि एक मामले में पुलिस थाना रमदास के अंतर्गत एक पिता ने आत्महत्या कर ली क्योंकि ट्रैवल एजैंट ने उसकी बेटी को विदेश भेजने का झांसा देकर 13 लाख रुपए ठग लिए लेकिन बेटी को विदेश नहीं भेजा।
इन मामलों में खास बात यह है कि कुछ लाइसैंसी ट्रैवल एजैंटों पर ठगी के मामले दर्ज हुए हैं जिससे प्रशासन भी सकते में है। ए.डी.सी. (ज) दफ्तर की तरफ से इस मामले की जांच शुरु कर दी गई है।

7 वर्ष की सजा से लेकर 5 लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान
पंजाब ट्रैवल प्रोफैशनल ह्यूमन स्मगलिंग एक्ट 2014 की बात करें तो एक्ट के तहत विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले एजैंट के खिलाफ 5 लाख रुपए तक जुर्माना और 7 वर्ष तक की सजा का प्रावधान रखा गया है लेकिन इसके बावजूद आए दिन बेरोजगार युवाओं से ठगी करने के मामले सामने आ रहे हैं। बहुत ही कम मामले देखने में आए हैं जहां किसी ट्रैवल एजैंट को 7 वर्ष की सजा व 5 लाख रुपया जुर्माना किया गया हो क्योंकि ज्यादातर मामलों में पीड़ित लोग न्यायालय तक नहीं पहुंच पाते जिससे दोषी बरी हो जाते हैं।

जिले में 1011 ट्रैवल एजैंट रजिस्टर्ड, गांवों के युवाओं को फंसाते हैं एजैंट
जिला प्रशासन की बात करें तो पता चलता है कि ए.डी.सी. (ज) दफ्तर के रिकार्ड में लगभग 1011 ट्रैवल एजैंट रजिस्टर्ड हैं और प्रशासन की वैबसाइट में इन ट्रैवल एजैंटों के नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर व फोन नंबर आदि लिखा होता है। ट्रैवल एजैंटों की ठगी के मामले में देखने में आया है कि ज्यादातर केसों में गांवों में रहने वाले युवाओं को फर्जी ट्रैवल एजैंट अपनी ठगी का शिकार बनाते हैं।

पिछले 12 महीनों में रद्द किए 41 लाइसैंस
ए.डी.सी. (ज) दफ्तर की तरफ से पिछले 12 महीनों के दौरान 41 ट्रैवल एजैंटों के लाइसैंस रद्द किए जा चुके हैं जिनके खिलाफ पुलिस जांच शुरु हुई या फिर पुलिस केस दर्ज किए गए थे।

 

हाल ही में हुई ट्रैवल एजैंटों की ठगी के मामले

- 19 जून को पुलिस थाना रणजीत एवेन्यू की तरफ से वर्क वीजा पर 21 लाख की ठगी करने के आरोप में गौरव शर्मा व मैनेजर विकास शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।

- इसी थाने में जगदीप सिंह की शिकायत पर विदेश भेजने का झांसा देकर 1.78 लाख की ठगी करने का मामला गौरव शर्मा व मैनेजर विकास शर्मा पर दर्ज किया गया उक्त दोनों एजैंट रजिस्टर्ड हैं।

- 4 जुलाई को पुलिस थाना एयरपोर्ट की तरफ से दविन्दर सिंह व शिखा के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर 3 लाख की ठगी का मामला दर्ज किया गया।

- 6 जुलाई के दिन थाना इस्लामाबाद की तरफ से गौरवप्रीत सिंह की शिकायत पर अमरेन्द्र सिंह व करिशमा के खिलाफ 7.49 लाख की ठगी का मामला दर्ज किया।

- थाना इस्लामाबाद की पुलिस ने जसकरन सिंह के खिलाफ जर्मन भेजने के नाम पर 8.70 लाख की ठगी करने का मामला दर्ज किया।

- थाना रणजीत एवेन्यू की तरफ से 5 जुलाई के दिन गौरव शर्मा, विकास शर्मा व कमलदीप के खिलाफ कनाडा भेजने के नाम पर 4.18 लाख की ठगी का मामला दर्ज किया।

- थाना रणजीत एवेन्यू की तरफ से 7 जुलाई के दिन जर्मन इमीग्रेशन के ट्रैवल एजैंट संदीप चौहान के खिलाफ न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर 3.57 लाख की ठगी का मामला दर्ज किया।

- रमदास थाना की पुलिस ने ट्रैवल एजैंट गुरप्रीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया क्योंकि उसने सुखविन्दर सिंह की बेटी को विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख रुपए लिए लेकिन विदेश नहीं भेजा जिससे दुखी होकर सुखविन्दर सिंह ने आत्महत्या कर ली।

- थाना रणजीत एवेन्यू की पुलिस ने न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर 2.10 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में परमशरण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया।

- थाना रणजीत एवेन्यू की पुलिस ने आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 3 लाख की ठगी करने के आरोप में साहिल अरोड़ा व शिखा के खिलाफ केस दर्ज किया।

 

रजिस्टर्ड ट्रैवल एजैंटों से युवा करें संपर्क
जिले की नवनियुक्त ए.डी.सी. (ज) पल्लवी मिश्रा ने विदेश जाने के इच्छुक युवाओं से अपील की कि विदेश जाने के लिए प्रशासन की तरफ से रजिस्टर्ड ट्रैवल एजैंटों के साथ ही संपर्क करें। इसके अलावा जो नए ठगी के मामले सामने आए हैं उसमें जांच शुरु कर दी गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News