जालंधर में 2 साल का बच्चा संदिग्ध हालात में लापता, परिवार लगा रहा गुहार
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 11:04 AM (IST)
जालंधर (पुनीत): भगत सिंह कालोनी में बुधवार रात अपने घर के बाहर सो रहा मूल रूप से दरभंगा निवासी शंकर कुमार व ममता देवी का करीब 2 साल का बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। परिजनों ने पुलिस पर बनती कार्रवाई न करने का आरोप गया है। पीड़ित शंकर कुमार ने बताया कि वह दीपक रबड़ एंड कैमिकल के नजदीक स्थित अपने घर के बाहर बच्चों के साथ सो रहे थे। कुछ समय बाद जब उन्हें बच्चे के नहीं होने का पता चला तो उन्होंने शोर मचाया और आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन काफी तलाश के बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों के अनुसार बच्चा जिस समय गायब हुआ, उस समय वह घर के बाहर ही सो रहा था। उन्हें आशंका है कि कोई व्यक्ति उसे वहां से उठाकर ले गया। घटना का पता चलते ही परिवार के लोगों ने आसपास के लोगों की मदद से बच्चे की तलाश की। इसके बाद वे थाना नंबर-1 पहुंचे और पुलिस को मामले की शिकायत दी। परिवार का कहना है कि बच्चा गायब होने के बाद से वे लगातार पुलिस के पास जाकर उसकी तलाश करवाने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने बताया कि बच्चा अचानक गायब होने के कारण परिवार व बच्चे के भाई-बहनों में चिंता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से मामले जल्द मामले को गंभीरत से लेकर तलाश करने की मांग की।
पुलिस बच्चे की जल्द तलाश करे : दीपक सूरी
समाजसेवक दीपक सूरी ने कहा कि बच्चा गायब होने के बाद उसके माता-पिता उसी समय शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से पुलिस को मामले की जानकारी देकर बच्चे को तलाशने की मांग की गई थी। सूरी के अनुसार परिवार का कहना है कि पुलिस की ओर से उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही और कथित तौर पर पुलिस मुलाजिम परिवार पर ही बच्चा चोरी करने का आरोप लगा रहे हैं।
सूरी ने कहा कि इस तरह के मामले में परिवार पहले ही अपने छोटे बच्चे के गायब होने के कारण परेशान है। ऐसे में पुलिस को परिवार की बात सुनकर मामले की जांच करनी चाहिए। उन्होंने उच्च पुलिस अधिकारियों से मांग की कि बच्चे के गायब होने के मामले की गंभीरता लेकर तलाश की जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

