चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 सदस्य गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Dec 10, 2022 - 11:42 AM (IST)

भुलत्थ/बेगोवाल (राजिंद्र): बेगोवाल पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले 8 सदस्यीय गिरोह को बेनकाब करते हुए गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह जानकारी डी.एस.पी. भुलत्थ सुखनिंद्र सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि चोरी की घटनाओं में शामिल 6 आरोपियों में 2 किशोर 18 साल से कम उम्र के लड़के भी शामिल हैं। जबकि इस गिरोह के 2 सदस्य अभी भी फरार हैं, जिन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल, एक कृपाण और 3 दातर बरामद किए गए हैं। बरामद सोने के गहनों में एक किटी सेट, एक चेन और 2 खंडा, अंगूठी और एक मंगल सूत्र शामिल है।
डी.एस.पी. भुलत्थ सुखनिंद्र सिंह ने बताया कि गुलजार सिंह पुत्र शेर सिंह ने बयानों में बेगोवाल पुलिस को बताया था कि 24 नवंबर को 4 अज्ञात युवक घर में घुस गए, जिनके मुंह बंधे हुए थे, उन्होंने उन्हें एक कमरे में बंद कर उनके घर से 6/7 तोला सोना और 30 हजार रुपए नकद चोरी कर लिया।
इन बयानों के आधार पर बेगोवाल थाने में मामला दर्ज किया गया व एस.एस.पी. कपूरथला नवनीत सिंह बैंस व एस.पी. (डी) हरविंदर सिंह के निर्देशानुसार एस.एच.ओ. बेगोवाल दीपक शर्मा के नेतृत्व में सब इंस्पैक्टर सविंद्रजीत सिंह ने जांच की।
जांच के दौरान विक्की पुत्र बाबू राम, राजवीर उर्फ राजा पुत्र सोढी व 2 नाबालिग (18 वर्ष से कम) सभी निवासी मोहल्ला सलामतपुर भुलत्थ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ करने पर इन्होंने स्वीकार किया कि इस घटना को उन्हीं ने अंजाम दिया है और इसके अलावा इन्होंने अपने साथियों सहित अन्य चोरी की वारदातों को भी स्वीकार किया है। जिसमें 11 व 12 नवंबर की रात बेगोवाल बस स्टैंड के पास स्थित टावर से 3 बैट्री चोरी हो गई। इस संबंध में बेगोवाल थाने में मामला दर्ज किया गया है। 1 और 2 अगस्त की रात गांव जोगिंदर नगर में महिलाओं के झुमके और सोने की चेन, चांदी की चेन और मोबाइल फोन चोरी हो गया। जिसके संबंध में भुलत्थ थाने में मामला दर्ज है। 1 व 2 सितंबर की रात कमराय गांव के एक घर में घुसकर महिला के कान की बाली, एक सोने की चूड़ी व दो अंगूठियां व 40 हजार रुपए चोरी कर ले गए। जिसको लेकर भुलत्थ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। 21 व 22 सितंबर की रात मेतला गांव के एक घर में ताला लगा हुआ था, इसलिए उन्होंने घर में घुसे, लेकिन घर में नकदी या सोना नहीं मिला। जिसको लेकर भुलत्थ थाने में केस दर्ज किया गया है।
जांच में अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना : डी.एस.पी.
डी.एस.पी. भुलत्थ सुखनिंद्र सिंह ने बताया कि 6 आरोपियों में से 2 किशोर हैं जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम है, जबकि 4 की पहचान विक्की पुत्र बाबू राम, राजवीर उर्फ राजा, जसपाल उर्फ बुल्ली व कौशल निवासी सलामतपुर भुलत्थ के रूप में हुई है। इसके अलावा उसके 2 अन्य साथी करण पुत्र चन्नी व जॉनी निवासी सलामतपुर फरार हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चोरी की 5 बड़ी वारदातों का पता चला है। जिसमें घर में आग लगाने की घटना भी शामिल है और आगे की जांच में और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस ने भुलत्थ की घटनाओं का पता लगाया
हाल ही में बेगोवाल पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इनकी गिरफ्तारी से भुलत्थ थाना क्षेत्र में चोरी की 3 वारदातों का भी पता चला है। जबकि बड़ी बात यह है कि ये आरोपी भुलत्थ के रहने वाले हैं, लेकिन भुलत्थ पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी और बेगोवाल पुलिस ने इन्हें पकड़कर अपने थाने में हुई 2 वारदातों को सुलझाने के अलावा भुलत्थ में हुई 3 वारदातों को भी सुलझा लिया। अब बेगोवाल पुलिस की इस उपलब्धि ने थाना भुलत्थ के सूचना तंत्र व जांच तंत्र पर सवाल खड़ा कर दिया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here