दीनानगर समेत कई इलाकों में आज बिजली रहेगी बंद, जानें वजह और प्रभावित क्षेत्र

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 09:54 AM (IST)

गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के चलते दीनानगर और आसपास के कई इलाकों में आज करीब 8 घंटे बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के गुरदासपुर हलके की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 66 केवी सरना-दीनानगर सर्किट-1 और सर्किट-2 लाइनों पर रोड क्रॉसिंग के दौरान स्ट्रिंगिंग और सैगिंग का तकनीकी काम किया जाना है।

विभाग के अनुसार इस काम को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित 66 केवी और 11 केवी लाइनों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली शटडाऊन लिया जाएगा। इसके चलते दीनानगर सहित आसपास के कई गांवों और शहरी क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं को दिन के समय बिजली कट का सामना करना पड़ सकता है।

पावरकॉम के अनुसार प्रभावित होने वाले 66 केवी सब-स्टेशनों में दीनानगर, गोविंदसर, तारागढ़, घरोटा, मीरथल, नंगल भूर, डेहरीवाल और एयर फोर्स स्टेशन सब-स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा 11 केवी फीडरों से जुड़े क्षेत्र भी प्रभावित रहेंगे। पावरकॉम अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान बिजली लाइनों की सुरक्षा और जरूरी तकनीकी काम पूरा करने के लिए यह शटडाऊन लिया जा रहा है। विभाग ने बिजली उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News