AAP नेता पर लगे बेअदबी की कोशिश के आरोप! गुरु घर में इकट्ठी हुई संगत

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 12:47 PM (IST)

लुधियाना: विधानसभा हलका साहनेवाल के अंतर्गत आने वाले गांव भामियां कलां में गुरुद्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी को लेकर विवाद सामने आया है। गांव के लोगों ने आरोप लगाया है कि सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के ब्लॉक समिति चेयरमैन और गांव के सरपंच ने जबरन गुरुद्वारा साहिब में घुसकर बेअदबी करने की कोशिश की, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सुखराम सिंह, जनरल सेक्रेटरी जगतार सिंह, कैशियर निर्मल सिंह निम्मा समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ब्लॉक समिति चेयरमैन दर्शन सिंह माहला और सरपंच परमिंदर सिंह सोनू अपने साथियों के साथ गुरुद्वारा पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जबरन ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, सीसीटीवी कैमरे तोड़े और मशीन की मदद से ताला काटा। लोगों का कहना है कि यह सब सत्ता के दबाव में किया गया और धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप किया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं और गुरुद्वारे को स्थायी रूप से बंद करने की बात कही जा रही है।

इस घटना के बाद दलित समुदाय में भारी रोष देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित चेयरमैन और सरपंच को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया जाए। लोगों ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। वहीं ब्लॉक समिति चेयरमैन दर्शन सिंह माहला ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि किसी भी तरह का ताला नहीं तोड़ा गया और सभी आरोप बेबुनियाद हैं।

पुलिस का दावा, नहीं हुई कोई बेअदबी
इंडस्ट्रियल एरिया के एसीपी इंदरजीत सिंह बोपाराय के अनुसार यह दो पक्षों के बीच आपसी विवाद था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत करवाया और दोनों पक्षों को घर भेज दिया। हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रण में बताया है, लेकिन गांव में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News